69% मौतें बीमार लोगों की हुईं, सर्वाधिक शुगर और हाइपरटेंशन के रोगी, 276 स्वस्थ लोगों ने जान गंवाई

196

प्रदेश में कोरोनावायरस 1168 लोगों की जान ले चुका है। अब यह न केवल बुजुर्ग, बल्कि युवाओं को भी चपेट में ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने 93641 केसों तक हुई 975 मौतों का सोशल ऑडिट किया है। इसमें चौंकाने वाली बात सामने आई है कि 25 से 34 साल तक के 38 युवा मौत का शिकार हुए हैं। 276 ऐसे लोगों की जान भी कोरोना से गई है, जिनको किसी तरह की बीमारी भी नहीं थी।

पहले से किसी न किसी बीमारी से पीड़ित 673 (69.02%) लोग कोरोना से जंग हार चुके हैं। इनमें 308 लोग एक से ज्यादा बीमारियों से पीड़ित थे। डायबिटीज से पीड़ित 112, हाइपरटेंशन के 44 व दिल के 41 रोगी जान गवां चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा का कहना है कि विभाग कोरोना को लेकर पूरी तरह सजग है। बहरहाल स्वास्थ्य विभाग ने 30 सितंबर तक के केसों की रणनीति बनाई है, ताकि उसी अनुसार रोगियों को ऑक्सीजन या वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

जानिए किस बीमारी से पीड़ित कितने लोगों की जान गई

शुगर के मरीज 112 12%
हाइपरटेंशन रोगी 44 5%
सांस संबंधी रोगी 43 4%
हृदय के रोगी 41 4%
अन्य बीमारी से पीड़ित 38 4%
किडनी के रोगी 33 3%
कैंसर के रोगी 24 2%
न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर 10 1%
लीवर के रोगी 14 1%
एनीमिया पीड़ित 6 1%
विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 308 32%
इनकी अभी जांच जारी 26 3%
बिना किसी बीमारी वाले 276 28%

55 से 64 साल तक उम्र के सबसे ज्यादा 264 की मौत

उम्र संक्रमित मौत
0-5 1425 6
5-14 4860 3
15-24 14025 8
25-34 25767 38
35-44 18380 100
45-54 13350 150
55-64 9479 264
65-74 4597 232
75-84 1423 135
85-94 314 37
95-104 21 02
कुल 93641 975

प्रदेश में कोरोना को लेकर सभी तरह के पुख्ता प्रबंध हैं। ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। हर 15 दिन पहले की एडवांस तैयारी की जाती है। सभी अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि किसी मरीज को दिक्कत नहीं आनी चाहिए। –मनोहर लाल, सीएम, हरियाणा

विधायक धर्मपाल गोंदर व उनकी पत्नी समेत 2519 नए पॉजिटिव, 28 की मौत

प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना के 2519 नए मरीज मिले हैं। नीलोखेड़ी के विधायक धर्मपाल गोंदर व उनकी पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अब मरीजों की संख्या 107273 हो गई है। 24 घंटे में 28 मरीजों की मौत हो गई। गुड़गांव, पंचकूला में 3-3, फरीदाबाद, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, भिवानी, महेंद्रगढ़, यमुनानगर, अम्बाला, पानीपत में 2-2, झज्जर, हिसार, रोहतक, कैथल में 1-1 मौत हुई है। अब मृतकों की संख्या 1168 हो गई है। एक दिन में 2188 मरीज ठीक हुए हैं। इससे ठीक होने वालों की संख्या 83878 हो गई है। रिकवरी दर 78.18% हो गई है। 22227 सक्रिय मरीज हैं।​​​​​​​