गैंगस्टर नीरज बवाना के मौसी के लड़के की 14 गोलियां मारकर हत्या

336

कई राज्यों की पुलिस की नाक में दम करने वाले कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना की मौसी के लड़के और नजफगढ़ के पूर्व विधायक रामवीर शौकीन के भांजे शक्ति सिंह की बुधवार को बेरी के छोछी गांव में 4 हमलावरों ने 14 गोलियां मारकर हत्या कर दी। युवक की पहचान छोछी निवासी शक्ति पुत्र भीम सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि हमलावर दो बाइक पर आए थे उन्होंने आते ही ताबड़तोड़ गोलियां शक्ति पर बरसा दी।

हमलावरों द्वारा बरसाई गई गोलियों से शक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसी समय उसे रोहतक पीजीआई ले जाया गया गया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शक्ति की हत्या करने के पीछे क्या कारण रहे और उस पर हमला करने वाले कौन थे इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों ने घटना को अंजाम उस समय दिया जब शक्ति शाम 7 बजे अपने साथियों के साथ गांव के बाहर तालाब के पास वॉलीबॉल खेलने के लिए गया था।

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस इस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है। देर रात तक पुलिस के हाथ इस मामले में कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया था। परिजनों का कहना था कि शक्ति की किसी से दुश्मनी नहीं थी। पढ़ाई के बाद शक्ति अपने भाई के साथ खेती बाड़ी में हाथ बंटाने का कार्य करता था।

शक्ति रोजाना की तरह गांव के नजदीक तालाब पर वाॅलीबाॅल खेलने के लिए गया था। उसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक फायर किए। बताया जाता है कि शक्ति ने एक दिन पहले ही अपना जन्म दिन भी मनाया था। डीघल चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मौके से 9 खोल गोलियों के मिले हैं। शक्ति का शव डेड हाउस में रखवा दिया है। शक्ति के पिता की सात साल पहले सड़क हादसे में माैत हाे चुकी।गैंगस्टर नीरज बवाना के मौसी के लड़के की 14 गोलियां मारकर हत्या